Breaking News

पूर्वांचल विश्वविद्यालय की वैश्विक उपलब्धि पर राज्यपाल ने दी बधाई

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर को पहली बार विश्व-प्रतिष्ठित क्यूएस रैंकिंग प्रणाली में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। विश्वविद्यालय ने दक्षिण एशिया रैंकिंग में 397वाँ स्थान तथा एशिया स्तरीय रैंकिंग में 1201-1300 बैंड में स्थान प्राप्त किया है।
राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, अधिकारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक परिश्रम, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान प्रतिबद्धता और नवाचारोन्मुख दृष्टिकोण का परिणाम है। उन्होंने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विश्वविद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल पूर्वांचल क्षेत्र, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। राज्यपाल ने यह भी कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होंगी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि वह अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी सक्रियता को और बढ़ाए तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए नए अवसरों का सृजन करे।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में भी शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का यह प्रदर्शन प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायक है और यह सबको उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर होने के लिए प्रेरित करेगा। राज्यपाल ने आशा जताई कि विश्वविद्यालय अपनी इस सफलता को बनाए रखेगा और प्रदेश के शैक्षणिक विकास में निरंतर योगदान देता रहेगा।

 

 

Check Also

ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत 29.50 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्वीकृत : केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत वित्तीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES