वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों का विशेष विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने इस अवसर पर डॉ. जी.के. गोस्वामी, अपर पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक यूपी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस लखनऊ, कमला प्रसाद यादव, पुलिस उपमहानिरीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ और पंकज कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक पीएसी मुख्यालय लखनऊ को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक ने अपने संबोधन में डॉ. गोस्वामी के UPSIFS में बिताए गए सेवाकाल से जुड़े संस्मरण साझा किए और उनकी दूरदर्शिता, कड़ी मेहनत और ईमानदारी की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से UPSIFS आज विश्वस्तरीय संस्थान बन चुका है, जिसमें लगभग 450 छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं और नियमित रूप से पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। इसके अलावा, श्री मल्होत्रा ने कमला प्रसाद यादव और पंकज कुमार पाण्डेय के योगदान को भी याद किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
डॉ. जी.के. गोस्वामी ने अपने संबोधन में पुलिस विभाग में अपने अनुभव और सेवाकाल को ऐतिहासिक बताया तथा माता-पिता, वरिष्ठ अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। श्री कमला प्रसाद यादव ने पुलिस विभाग में सेवा को गौरवपूर्ण बताया और जनता की सेवा में लगे रहने का जज्बा साझा किया। पंकज कुमार पाण्डेय ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग में कार्य करना सौभाग्यपूर्ण बताया और सहयोगियों का धन्यवाद किया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने सभी अधिकारियों के सेवाकाल की सराहना की और डॉ. गोस्वामी को UPSIFS को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए विशेष सम्मानित किया।