वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार।
लखनऊ/ नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, त्रिची, कोझिकोड और अमृतसर हवाईअड्डों पर फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन- ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (एफटीआई-टीटीपी) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह सचिव और आसूचना ब्यूरो के निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्पीड, स्केल और स्कोप’ के विजन को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने का यह अगला चरण शुरू हुआ है।
अमित शाह ने कहा कि एफटीआई-टीटीपी के लागू होने से यात्रियों को लंबी लाइनों और मैनुअल चेकिंग से राहत मिलेगी तथा मात्र 30 सेकंड में इमीग्रेशन क्लीयरेंस मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। गृह मंत्री ने बताया कि अब तक इस पोर्टल पर लगभग 3 लाख यात्रियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 2 लाख 65 हजार यात्रियों ने इसका सफल उपयोग किया है।
शाह ने कहा कि एफटीआई-टीटीपी सुविधा 2024 में दिल्ली से शुरू हुई थी और उसके बाद मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, कोचीन और अहमदाबाद को जोड़ा गया। अब पांच और हवाईअड्डे जुड़ने से यह सुविधा 13 हवाईअड्डों पर उपलब्ध हो गई है। उन्होंने बताया कि नवी मुंबई और जेवर हवाईअड्डों को भी इस सुविधा से जोड़ने की योजना है।
गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में इंटरनेशनल पैसेंजर ट्रैफिक में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 2014 में कुल 5.07 करोड़ यात्री अंतरराष्ट्रीय यात्रा करते थे, जो 2024 में बढ़कर 8.12 करोड़ हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि सभी भारतीय नागरिक और ओसीआई कार्डधारक इस सुविधा का लाभ उठाएं, जिससे भारत की वैश्विक कनेक्टिविटी और मजबूत हो सके।