Breaking News

श्रीराममंदिर ट्रस्ट के नये न्यासी बने कृष्णमोहन

 

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को सम्पन्न हुई बैठक में हरदोई निवासी पूर्व प्रशासनिक अधिकारी कृष्णमोहन को नया न्यासी नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति को अयोध्या में श्रीराममंदिर निर्माण से जुड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कृष्णमोहन का मूल निवास हरदोई जनपद की शाहाबाद तहसील के ग्राम सिकन्दरपुर बाजार, मजरा चन्द्रपुर है। वर्तमान में वे हरदोई शहर में रहते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में वे लखनऊ विश्वविद्यालय से Geology में स्नातकोत्तर हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ वर्षों तक परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 1978 में भारतीय वन सेवा में चयनित हुए और महाराष्ट्र राज्य में वन विभाग के विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए 2012 में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (A.P.C.C.F.) के पद से सेवानिवृत्त हुए।
सेवानिवृत्ति के बाद कृष्णमोहन ने सामाजिक और राष्ट्र निर्माण कार्यों को अपनी प्राथमिकता बनाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर उन्होंने नगर संघ चालक, जिला संघ चालक और अवध प्रांत के प्रांत संघचालक के दायित्व निभाए। वर्तमान में वर्ष 2024 से वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक के रूप में सक्रिय हैं।
श्रीराममंदिर के लिए उन्हें न्यासी नियुक्त किए जाने पर हरदोई और अवध क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। लोगों का मानना है कि उनकी प्रशासनिक दक्षता और संगठनात्मक अनुभव से मंदिर ट्रस्ट के कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

Check Also

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एकता यात्रा’ और ‘वंदे मातरम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम में किया सहभाग

– प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य होगा — …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES