Breaking News

बेंगलुरु में बनेगा 80 हजार दर्शकों का क्रिकेट स्टेडियम

– देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम
– आठ इनडोर और आठ आउटडोर खेलों की सुविधाएं भी होंगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बेंगलुरु। क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राजधानी के पास एक नए और अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की है। यह स्टेडियम 80,000 दर्शकों की क्षमता के साथ देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम होगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाद यह भारत में सबसे ज्यादा दर्शकों को बैठाने वाला मैदान होगा। नए स्टेडियम की घोषणा न सिर्फ बेंगलुरु को एक नई पहचान देगी, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों के लिए एक मजबूत केंद्र भी बनाएगी।
नया स्टेडियम बेंगलुरु के बोम्मासंद्रा के पास सूर्या सिटी में बनेगा और इसके निर्माण पर 1,650 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना को कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड द्वारा वित्तपोषित किया जाएगा। स्टेडियम एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से करीब 22 किलोमीटर दूर होगा और इसका उद्देश्य बड़े आयोजनों को सुरक्षित और बेहतर तरीके से संचालित करना है।
यह फैसला उस भगदड़ की घटना के बाद लिया गया है, जो 4 जून को RCB की IPL जीत के जश्न के दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई थी। उस कार्यक्रम में भीड़ पर नियंत्रण न हो पाने के कारण 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद राज्य सरकार और क्रिकेट संघों पर दबाव बढ़ा कि वे बड़े आयोजनों के लिए अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित विकल्प तलाशें। नए स्टेडियम में सिर्फ क्रिकेट की ही नहीं, बल्कि आठ इनडोर और आठ आउटडोर खेलों की सुविधाएं भी होंगी। साथ ही इसमें आधुनिक जिम, ट्रेनिंग सेंटर, स्विमिंग पूल, हॉस्टल, होटल, गेस्ट हाउस और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए एक बड़ा कन्वेंशन हॉल भी बनाया जाएगा। यह स्टेडियम BCCI की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी जैसी सुविधाओं से लैस होगा।
BOX
चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की जांच कर रहे जस्टिस जॉन माइकल कुन्हा आयोग ने भी अपनी रिपोर्ट में सुझाव दिया था कि 32,000 की सीमित क्षमता और केवल 17 एकड़ में फैला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बड़े आयोजनों के लिए उपयुक्त नहीं है। आयोग ने सलाह दी थी कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रम अधिक खुले और सुव्यवस्थित स्थानों पर कराए जाएं। इस घटनाक्रम के बाद 11 अगस्त से शुरू हो रही घरेलू टी-20 लीग महाराजा ट्रॉफी को बेंगलुरु से मैसूर शिफ्ट करना पड़ा है, क्योंकि पुलिस ने आयोजन की अनुमति नहीं दी। इससे 2026 में होने वाले आईपीएल मैचों और विमेंस वर्ल्ड कप की मेजबानी पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Check Also

मंत्री के फरार बेटे पर बॉम्बे हाईकोर्ट की सरकार को फटकार, मुख्यमंत्री की भूमिका पर उठाए सवाल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार बॉम्बे । बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को कड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES