– एस.आर. ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस में फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ
– शोध और नवाचार को मिलेगी नई दिशा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। एस.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ में सोमवार को पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट (एफडीपी) प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियंत्रण विभाग तथा जैव-प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आईईई स्टूडेंट ब्रांच SRIMT के सहयोग से किया जा रहा है। इस बार एफडीपी का विषय “Transdisciplinary Frontiers: Bridging Electronics and Biotechnology with Artificial Intelligence for Research Excellence” रखा गया है, जिसका उद्देश्य शोध एवं नवाचार को एक नई सोच और दिशा प्रदान करना है।
कार्यक्रम के पहले दिन मुख्य वक्ता के रूप में दूरसंचार विभाग, भारत सरकार के निदेशक बीरेंद्र कुमार मौर्य ने “Next-Gen Wireless Technologies & Citizen Centric Initiatives of DoT” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने 5G और भविष्य की वायरलेस तकनीकों के साथ-साथ नागरिकों को केंद्र में रखकर विकसित की जा रही योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने उनके व्याख्यान को अत्यंत जानकारीपूर्ण और शोध के दृष्टिकोण से उपयोगी बताया। इस अवसर पर एस.आर. ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के उपाध्यक्ष इं. पीयूष सिंह चौहान एवं प्रो. (डॉ.) सुष्मिता सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने श्री मौर्य को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजकों की सराहना की।
मुख्य संयोजक डॉ. डी.पी. सिंह (निदेशक) के साथ आयोजन समिति में इं. बीर सिंह, इं. पंकज गुप्ता, डॉ. खादिम मोइन सिद्दीकी, डॉ. संजय मिश्रा और अन्य फैकल्टी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। उपाध्यक्ष श्री चौहान ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की अकादमिक दक्षता को निखारते हैं और संस्थान के शोध परिवेश को मजबूत बनाते हैं।
श्री चौहान ने बताया कि यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम 8 अगस्त 2025 तक चलेगा, जिसमें देशभर से विशेषज्ञ विभिन्न समसामयिक विषयों पर व्याख्यान देंगे और प्रतिभागियों को नवीनतम शोध विधियों व तकनीकों से अवगत कराएंगे।