Breaking News

आइजीआई एयरपोर्ट : जेद्दा से आया एक किलो सोना बरामद, दो गिरफ्तार

वेब वर्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
नई दिल्ली। सोना तस्करी के दो अलग अलग मामलों में 24 घंटे के भीतर आइजीआई एयरपोर्ट पर करीब एक किलो सोना बरामद हुआ है। कस्टम अधिकारियों ने इसकी कीमत करीब 76 लाख रुपये आंकी है। दोनों मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में सोने की खेप को महिला परिधान में लगे खोखले मैटेलिक बटन के भीतर छिपाया गया था, वहीं दूसरे मामले में तस्करों ने इलेक्ट्रिक आयरन के भीतर सोना छिपाया हुआ था। दोनों मामले की छानबीन जारी है।
जिस मामले में सोने की खेप बटनों के भीतर छिपाई गई थी, इसमें यात्री जेद्दा से छह जनवरी को नई दिल्ली पहुंचा। इमिग्रेशन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित ग्रीन चैनल पार कर रहा था। संदेह के आधार पर उसे कस्टम अधिकारियों ने रोका। यात्री को डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से पार कराया गया। कोई बीप की आवाज नहीं आई। लेकिन अधिकारियों का संदेह कायम रहा। इसके बाद तय किया गया कि इसके बैगेज की सघन तलाशी ली जाएगी। बैगेज को जब एक्सरे जांच मशीन से गुजारा गया तो उसमें अंगूठी की आकार की कुछ आकृतियां नजर आई। अंदर जांच में पाया गया कि बैगेज में जो महिला परिधान है, उसमें मैटेलिक बटन लगे हैं। इसके बाद बटन की जांच में पाया गया कि इसके भीतर चांदी की परत चढ़ी अंगूठियां हैं। लेकिन आगे की जांच में पाया गया कि चांदी की परत के नीचे सोना है। ऐसी 201 अंगूठियां बटनों के भीतर मिली। बरामद सोने का वजन 379 ग्राम निकला, जिसकी कुल कीमत करीब 29 लाख रुपये आंकी गई है।
दूसरे मामले में भी यात्री जेद्दा से ही नई दिल्ली आया था। इसने इलेक्ट्रिक आयरन के भीतर सोना छिपाया हुआ था। आयरन के अंदर 600 ग्राम सोना मिला। बरामद सोने की कीमत 46.86 लाख रुपये आंकी गई है।
बताते चलें कि पिछले एक महीने के दौरान सोना तस्करी के जितने भी मामले सामने आए हैं, उनमें अधिकांश मामले सऊदी अरब से जुड़े हैं। तस्कर या तो रियाद या फिर जेद्दा से विमान द्वारा नई दिल्ली पहुंचे। सऊदी अरब से इतर कतर व दुबई से भी तस्कर आया। एक मामले में तस्कर नेपाल से आया था। लेकिन पूछताछ में पता चला कि तस्कर दुबई से बैंकाक, बैंकाक से काठमांडू और फिर यहां से नई दिल्ली आया। एक मामले में सोना तस्कर अल्माटी से नई दिल्ली आया था।
एक बार तो जेद्दा से आए एक यात्री ने सोने के पेस्ट से भरे कैप्सूल को निजी अंग में छिपाया था। करीब 974 ग्राम सोना मिला। अधिकारियों ने इसकी कीमत 72.07 लाख आंकी थी।

Check Also

दिल्ली की हवा बिगड़ी, एनसीआर में ग्रैप-1 के सभी 25 उपाय तत्काल लागू

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार नई दिल्ली। दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंचने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *