– बच्चों द्वारा प्रस्तुत करमा, डोमकच और झूमर नृत्य जनजातीय संस्कृति की अनमोल धरोहर: राज्यपाल
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
सोनभद्र। राज्यपाल द्वारा अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परम्परागत वननिवासी अधिनियम के तहत स्वीकृत दावों का खतौनी वितरण तथा 200 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को आंगनवाड़ी किट का वितरण किया गया। अवसर था सेवाकुंज आश्रम, कारीडाड, चपकी में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि करमा, डोमकच और झूमर नृत्य की बच्चों द्वारा की गई सुंदर और मनोहारी प्रस्तुतियां जनजातीय संस्कृति की अनमोल धरोहर हैं। बच्चों की एक ताल में की गई प्रस्तुतियां उनकी कला और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन हैं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र जिला पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। यहां की नदियां, तालाब, सलखन फॉसिल्स पार्क, इको प्वाइंट और अन्य पर्यटक स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समन्वय स्थापित कर महाकुंभ मेले में सोनभद्र की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन सुनिश्चित करें। राज्यपाल ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सोनभद्र के बच्चों को नए अनुभव और ज्ञान से परिचित कराने के लिए उन्हें राजभवन भ्रमण पर लाया जाए। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को प्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रम में बच्चों को राजभवन बुलाया जाए और 07-09 फरवरी को होने वाले फ्लावर-शो में सोनभद्र के समूहों द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया जाए। राज्यपाल ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को आज 200 आंगनवाड़ी किट वितरित की जा रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष आंगनवाड़ी केंद्रों को भी किट उपलब्ध कराकर सभी केंद्रों को संतृप्त किया जाए।
सेवाकुंज आश्रम के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह और जिलाधिकारी ने भी जनजातीय विकास और सामाजिक उत्थान के लिए अपने विचार व्यक्त किए। सेवाकुंज आश्रम में राज्यपाल का स्वागत पारंपरिक डोमकच, झूमर, करमा नृत्य और आदिवासी स्वागत गीतों की प्रस्तुति से किया गया। इसके बाद जनजातीय विद्यालयों के बच्चों और स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे