Breaking News

रेल कर्मचारियों ने अयोध्या में किए राम मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से गोरखपुर परिक्षेत्र के रेलकर्मियों के लिए एक दिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित शिविर में कर्मचारी कल्याण निधि के तहत 52 रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भ्रमण के दौरान रेलकर्मियों ने अयोध्या पहुंचकर श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी, सीता की रसोई, सरयू तट, राम की पैड़ी, हनुमत कुंड और भरतकुंड समेत शहर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। कर्मचारियों ने अयोध्या की धार्मिक महत्ता, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों के लिए इस तरह के कल्याणकारी भ्रमण कार्यक्रम कार्य के बीच नई ऊर्जा देने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से रेलकर्मियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानने का अवसर भी मिलता है। शिविर में शामिल कर्मचारियों ने अयोध्या के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर यात्रा को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल की व्यस्त दिनचर्या से अलग इस प्रकार के आयोजन उन्हें परिवार और सहकर्मियों के साथ सकारात्मक वातावरण में समय बिताने का अवसर देते हैं।
रेल कर्मचारियों ने इस पहल के लिए मंडल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि कर्मचारी कल्याण निधि के माध्यम से आयोजित यह भ्रमण न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि इससे आपसी मेल-जोल और कार्य के प्रति उत्साह बढ़ाने में भी मदद मिली।

Check Also

चोरी के मामले में कार्रवाई की मांग, पीड़िता ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

– हरदोई में चोरों को राजनीतिक व पुलिस संरक्षण का बड़ा खुलासा वेब वार्ता (न्यूज़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES