Breaking News

काशी के नभ में गूंजेगा वायुसेना का शौर्य, नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक एयर शो

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामर्थ्य का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा। वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की। 25 अक्टूबर को होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है।
समीक्षा बैठक में भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। नमो घाट पर दर्शक दीर्घा, ग्रैंड स्टैंड, विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के क्षेत्र, मीडिया एरिया, प्रवेश-निकास मार्ग और सुरक्षा जांच केंद्र बनाए जाने की जानकारी दी गई। गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर प्रबंधन की योजना तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो को लेकर आम लोगों में भी उत्साह है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा की एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रत्येक सेक्टर में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उन्होंने नमो घाट के साथ आसपास के घाटों पर भी भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और जल व थल मार्ग से आवागमन की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। दर्शकों के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने को कहा।
सीएम ने सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं की मॉकड्रिल कराने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में सभी टीमें तत्काल समन्वित कार्रवाई कर सकें। वाराणसी मंडल के सभी जिलों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियां समय से पूरी करने पर भी जोर दिया गया। भारतीय वायुसेना, पुलिस और प्रशासन को आपसी तालमेल से आयोजन को सुरक्षित और सुचारु बनाने के निर्देश दिए गए।

Check Also

चोरी के मामले में कार्रवाई की मांग, पीड़िता ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

– हरदोई में चोरों को राजनीतिक व पुलिस संरक्षण का बड़ा खुलासा वेब वार्ता (न्यूज़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES