Breaking News

बारिश से धंसी सड़क यूपीडा ने तुरंत कराई दुरुस्त, गंगा एक्सप्रेसवे पर आवागमन सुचारु

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
उन्नाव। बारिश के कारण गंगा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव क्षेत्र में धंसी सड़क को यूपीडा और कार्यदायी संस्था की टीम ने तत्काल दुरुस्त कर दिया। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 421 पर सड़क और साइड रेलिंग के पास करीब 10 मीटर गहरा गड्ढा होने से मेरठ से प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर हादसे का खतरा बढ़ गया था। सूचना मिलते ही अधिकारियों और तकनीकी टीमों ने बारिश के बीच मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कराया।
टीम ने प्रभावित हिस्से की मरम्मत पूरी कर दी, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन सुचारु बना हुआ है। मरम्मत के दौरान यातायात को बाधित नहीं होने दिया गया और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए। मौके पर तैनात टीमों ने स्थिति पर लगातार नजर रखी।
प्रोजेक्ट मैनेजर आरके मिश्रा ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए एक्सप्रेसवे के संवेदनशील हिस्सों की लगातार निगरानी की जा रही है। सड़क धंसने की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया और प्रभावित हिस्से को समय रहते ठीक करा दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि निर्माण के बाद पहली बरसात में बड़े पैमाने पर की गई मिट्टी की भराई के बैठने से कई बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। एक्सप्रेसवे के निर्माण में निर्धारित मानकों और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दक्ष टीमें अलर्ट पर हैं। बारिश को देखते हुए गंगा एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग और तकनीकी निरीक्षण बढ़ा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार फील्ड टीमें लगातार सक्रिय हैं और किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।

Check Also

बसपा से निष्कासन के बाद अंटू मिश्रा ने मांगी माफी, बोले- अब बसपा में वापसी नहीं

– कार्यकर्ताओं से राय लेकर तय करेंगे अगली सियासी पारी वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES