वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बस्ती/अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने बुधवार को बस्ती और अयोध्या का दौरा किया। बस्ती में उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय के आवास पहुंचकर उनके पुत्र शिवांश पाण्डेय के सड़क दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
इसके बाद अजय राय अयोध्या पहुंचे, जहां जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सीएल गेस्ट हाउस, घेवना चौराहा, हैदरगंज बाजार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में पहुंचने से पहले बीकापुर के दशरथपुर चौराहे पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अजय राय ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में ब्राह्मण समुदाय के लोगों की हो रही हत्याओं पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सार्वजनिक मंचों से बेहतर कानून व्यवस्था का दावा करते हैं, लेकिन प्रदेश में हो रही हत्या, दुष्कर्म, लूट और डकैती की घटनाएं उन्हें दिखाई नहीं दे रही हैं।
अजय राय ने कहा कि सरकार को मंदिरों में दान और चढ़ावे की चोरी भी दिखाई नहीं देती। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुकी है। सम्मेलन के बाद अजय राय ने अयोध्या में श्री हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमान जी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि में भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।