वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त की मौत के बाद अब उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पोस्टमार्टम की वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अबान का शव प्रयागराज लाया जाएगा, जहां उसका अंतिम संस्कार कसारी-मसारी कब्रिस्तान में किया जाएगा। यही वह कब्रिस्तान है, जहां पहले से अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, बेटे असद और परिवार के अन्य सदस्यों को दफनाया गया है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाला अबान अपने भाइयों में सबसे छोटा था। सड़क हादसे में उसकी और उसके दोस्त की मौत के बाद झांसी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को प्रयागराज ले जाया जाएगा। कसारी-मसारी कब्रिस्तान अतीक अहमद के पैतृक घर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और वर्षों से परिवार के लोगों के अंतिम संस्कार का प्रमुख स्थान रहा है। इसी पारिवारिक परंपरा के चलते अबान को भी यहीं दफनाया जाएगा। उसकी कब्र अतीक अहमद, अशरफ और एनकाउंटर में मारे गए असद की कब्र के समीप बनाई जाएगी।
अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे। इनमें असद की वर्ष 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो चुकी है। बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है, जबकि अली झांसी जेल में निरुद्ध है। परिवार का एक अन्य बेटा प्रयागराज के हटवा क्षेत्र में रिश्तेदारों के साथ रह रहा है। अब सबसे छोटे बेटे अबान की भी सड़क हादसे में मौत हो जाने से परिवार पर एक और बड़ा संकट आ गया है।
उल्लेखनीय है कि उमेश पाल हत्याकांड के समय अबान नाबालिग था। इसी कारण उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था, लेकिन बाद में न्यायालय के आदेश पर परिजनों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। इसके बाद वह रिश्तेदारों के साथ रह रहा था। नवंबर 2025 में एक शादी समारोह का उसका कथित वीडियो वायरल होने के बाद वह एक बार फिर चर्चा में आया था। वीडियो के बैकग्राउंड में कथित रूप से आपत्तिजनक डायलॉग सुनाई देने पर धूमनगंज पुलिस ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की थी। अब सड़क हादसे में हुई उसकी मौत के बाद एक बार फिर उसका नाम सुर्खियों में है।