Breaking News

दहौरा नाले में मगरमच्छ का हमला, 12 वर्षीय बालक को खींच ले गया; 20 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखीमपुर खीरी। जिले के ईसानगर क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। दहौरा नाले के किनारे भैंस चरा रहे 12 वर्षीय बालक को मगरमच्छ ने हमला कर पानी में खींच लिया। घटना के करीब 20 घंटे बाद भी बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है, जबकि परिवार और ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार ईसानगर थाना क्षेत्र के भट्ठापुरवा गांव निवासी प्रताप का 12 वर्षीय पुत्र लालमन रविवार दोपहर बाद दहौरा नाले के पास भैंस चराने गया था। शाम के समय वह शौच के लिए नाले के किनारे पहुंचा, तभी घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मगरमच्छ बालक को पानी में खींचकर ले गया।
घटना के समय मौजूद छह वर्षीय बालक ने गांव पहुंचकर परिजनों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर ईसानगर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शी से घटना की जानकारी ली।
सोमवार सुबह से वन विभाग और पुलिस की टीम दहौरा नाले तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन देर दोपहर तक बालक का कोई पता नहीं चल सका। घटना से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति आक्रोश जताते हुए मगरमच्छ को पकड़ने और क्षेत्र में वन्यजीवों के बढ़ते खतरे पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी वन्यजीव जनित घटना है। इससे पहले रायपुर गांव के रोशनीपुरवा में तेंदुए के हमले में सात वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए खोज अभियान जारी रखने की बात कही है।

Check Also

बियर खरीदने का बहाना, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग; विनीत राय हत्याकांड में रंगदारी कनेक्शन की जांच तेज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार गाजीपुर। शहर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में जांच …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES