Breaking News

महाशिवरात्रि पर माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से काशी विश्वनाथ को पावन उपहार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार
वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में सनातन परंपरा को नई आध्यात्मिक ऊँचाइयों तक ले जाने वाला एक शुभ एवं भावनात्मक नवाचार इस वर्ष देखने को मिल रहा है। इस महापर्व पर देश के प्रमुख देवी-देवताओं एवं प्रसिद्ध देवालयों द्वारा भगवान विश्वनाथ को श्रद्धा स्वरूप उपहार प्रेषित किए जा रहे हैं, जो सनातन संस्कृति की जीवंतता और एकात्म भाव को दर्शाता है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 07 फरवरी 2026 को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से भगवान श्री विश्वेश्वर (श्री काशी विश्वनाथ महादेव) के लिए विशेष उपहार एवं प्रसाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास कार्यालय में प्राप्त हुआ। इस पावन भेंट के आगमन पर मंदिर न्यास ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है।
माता वैष्णो देवी, जो शक्ति स्वरूप की प्रतीक हैं, की ओर से काशी में स्थित भगवान विश्वनाथ को अर्पित यह उपहार शिव–शक्ति के शाश्वत एवं अविच्छिन्न संबंध का सजीव प्रतीक माना जा रहा है। यह नवाचार न केवल महाशिवरात्रि महोत्सव की गरिमा को और अधिक बढ़ाएगा, बल्कि श्रद्धालुओं को गहन आध्यात्मिक अनुभूति भी प्रदान करेगा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्राप्त यह पावन उपहार भक्तों के लिए आस्था, भक्ति और सनातन मूल्यों से जुड़ने का विशेष माध्यम बनेगा। साथ ही यह पहल देशभर के धार्मिक केंद्रों के बीच आपसी श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता को भी सुदृढ़ करेगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में माता वैष्णो देवी के प्रधान उत्सव पर भगवान विश्वनाथ की ओर से भी उपहार प्रेषित कर इन पवित्र आस्था केंद्रों के मध्य स्थायी पुण्य संबंधों को और मजबूत किया जाएगा।

Check Also

सनातन परंपरा के पथ पर पंचकोशी यात्रा, काशी की सेवा ही मेरा परम धर्म : अजय राय

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES