Breaking News

संत रविदास जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत शिरोमणि सतगुरु श्री रविदास जी महाराज की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार कालातीत, सार्वभौमिक और समाज को सही दिशा देने वाले हैं, जो आज भी सामाजिक चेतना को प्रेरित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि संत रविदास जी ने अपनी वाणी और कर्म के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय गरिमा के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठाई, जिससे समाज को आत्मचिंतन और सुधार की प्रेरणा मिली। उनके विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धन, प्राचीन और सांस्कृतिक नगरी काशी में स्थित है। संत रविदास का प्रसिद्ध कथन मन चंगा तो कठौती में गंगा आंतरिक पवित्रता, नैतिकता और आत्मशुद्धि का सशक्त संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर संत रविदास जी का जन्म हुआ था, जिससे यह तिथि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। उन्होंने प्रयागराज में चल रहे माघ मेले को आस्था, समरसता और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का अनूठा संगम बताया। मुख्यमंत्री ने माघ पूर्णिमा पर संगम में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं और कल्पवासियों के सुख, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की तथा सभी से स्वच्छता, अनुशासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Check Also

ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत 29.50 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्वीकृत : केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत वित्तीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES