Breaking News

फिरोजाबाद को मिला नवीन आदर्श थाना दक्षिण, डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया लोकार्पण

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शीर्ष प्राथमिकताओं के क्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में 20 जनवरी 2026 को जनपद फिरोजाबाद के नवनिर्मित नवीन आदर्श थाना दक्षिण का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आगरा जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र शैलेश पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित सहित कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

नवीन आदर्श थाना दक्षिण लगभग 85 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है, जिसकी आबादी करीब पांच लाख है। थाना क्षेत्र में छह चौकियां, 22 मंदिर, 33 मस्जिद, 17 बैंक और 14 इंटर कॉलेज शामिल हैं। थाने में कुल 79 पुलिसकर्मियों की तैनाती है। जी प्लस थ्री भवन वाले इस आधुनिक थाने में कार्यालय, विवेचना कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, बंदीगृह, बैरक, भोजनालय, सभागार, व्यायामशाला और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मिशन शक्ति केंद्र, महिला कर्मियों के लिए क्रेच रूम तथा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दंगा नियंत्रण के लिए आधुनिक एंटी राइट उपकरण और साइबर अपराधों से निपटने के लिए पूर्ण रूप से सुसज्जित साइबर हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है।

पुलिस महानिदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि यह थाना उत्तर प्रदेश पुलिस के इन्फ्रास्ट्रक्चर में आए परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है। थाना केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि नागरिकों और पुलिस के बीच विश्वास का पहला केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बड़ी संख्या में नए आरक्षियों की भर्ती होगी, जिसके लिए मजबूत ढांचा और संतुलित मैनपावर प्रबंधन आवश्यक है। उन्होंने इस थाने को भविष्य के लिए एक मॉडल बताते हुए कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थर नहीं, बल्कि प्रदेश की भविष्य की पुलिसिंग की दिशा को दर्शाता है।

Check Also

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में खेली गयी फूल और अबीर – गुलाल की होली

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के पावन पर्व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES