Breaking News

व्हाट्सएप ग्रुप से निवेश का झांसा, 60 लाख के मुनाफे का सपना दिखाकर 16 लाख की ठगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बाराबंकी। बाराबंकी में साइबर ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए निवेश का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 16 लाख रुपये की ठगी कर ली। मुनाफे का लालच देकर पीड़ित को फंसाया गया और निवेश की रकम कई खातों में जमा कराई गई। पीड़ित को उनके निवेश पर 60 लाख रुपये से अधिक का फायदा दिखाया जाता रहा, जिससे उनका भरोसा बढ़ता चला गया।
आवास विकास कॉलोनी निवासी राजबहादुर वर्मा के अनुसार, उनका संपर्क 10 कोटक लर्निंग एंड कम्युनिकेशन नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप से हुआ। ग्रुप में दावा किया गया कि अनुभवी विशेषज्ञों की मदद से बेहतर स्टॉक का चयन कर निवेश कराया जाता है, जिससे पांच से 20 प्रतिशत तक मुनाफा सुनिश्चित है। ग्रुप पर दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने पर कंगना शर्मा नाम की महिला से बात हुई, जिसने खुद को कंपनी की पदाधिकारी बताया। वहीं श्रीपाल शाह को कंपनी का संचालक बताया गया।
राजबहादुर के अनुसार चार अक्तूबर 2025 से दो दिसंबर 2025 के बीच उनसे करीब 20 बार अलग-अलग खातों में रुपये जमा कराए गए। हर बार निवेश के बाद उन्हें मुनाफा दिखाया जाता रहा। 15 अक्तूबर 2025 को कैन लाइफ नामक कंपनी के 19 हजार शेयर 53 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से उनके पुत्र के नाम अलॉट किए गए, जिसके लिए 10 लाख रुपये एकमुश्त जमा कराए गए। इन शेयरों की कथित कीमत करीब 23 लाख रुपये दिखाई गई, जबकि कुल निवेश की वैल्यू 60 लाख 83 हजार रुपये बताई जाती रही। जब पीड़ित ने पैसा निकालने की बात कही तो कंपनी की ओर से टालमटोल शुरू हो गई। ठगी का एहसास होने पर 12 दिसंबर 2025 को साइबर थाने में तहरीर दी गई। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि संबंधित खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Check Also

पुलिस मुख्यालय में आयोजित हुआ होली मिलन समारोह

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को होली मिलन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES