Breaking News

बियर खरीदने का बहाना, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग; विनीत राय हत्याकांड में रंगदारी कनेक्शन की जांच तेज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
गाजीपुर। शहर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में जांच के दौरान कई सनसनीखेज तथ्य सामने आए हैं। बदमाशों ने पहले होटल पर पहुंचकर बियर खरीदने का बहाना बनाया और फिर कारोबारी पुत्र विनीत राय को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। दिनदहाड़े जैसी दुस्साहसिक वारदात ने पूरे जिले में दहशत फैला दी है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित होटल बिंदु के संचालक आलोक राय के बड़े पुत्र विनीत राय होटल का प्रबंधन संभालते थे। एमएससी और डी-फार्मा की पढ़ाई के बाद वह पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े थे। बताया गया कि रात करीब 11 बजे भोजन के बाद वह होटल से घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान कुछ बदमाश होटल के मुख्य गेट पर पहुंचे और गार्ड से बियर उपलब्ध होने की जानकारी ली। पहले 16 बियर और फिर आठ बियर की मांग कर उन्होंने गार्ड को बातचीत में उलझाए रखा। इसी बीच जैसे ही विनीत अपनी कार की ओर बढ़े, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार विनीत के सीने, कंधे, पीठ और पेट में कई गोलियां लगीं। घटनास्थल से छह से सात खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई।
मृतक के पिता आलोक राय ने दावा किया है कि वर्ष 2024 में उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर होटल में तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं भी हुई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। जांच में कटरा गैंग की संलिप्तता सामने आने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सदर कोतवाल महेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Check Also

जानलेवा हमले का नामजद आरोपी अब भी फरार, निर्दोष को जेल भेजने का आरोप; पीड़िता ने मुख्यमंत्री से मांगी निष्पक्ष जांच

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखीमपुर खीरी। थाना निघासन क्षेत्र के ग्राम तारानगर में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES