Breaking News

हीट वेव से जंग: नगर निगम के कूलिंग पॉइंट बने राहत की छांव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच नगर निगम लखनऊ ने आमजन को राहत देने के लिए कूलिंग पॉइंट स्थापित करने की मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने विधानसभा के समीप जीपीओ के पास बनाए गए नए कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, नगर निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
महापौर ने बताया कि नगर निगम पहले ही शहर के कई प्रमुख स्थानों पर कूलिंग पॉइंट स्थापित कर चुका है। पॉलीटेक्निक चौराहा, कुर्सी रोड स्थित सृष्टि अपार्टमेंट, 1090 चौराहा और लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय समेत अनेक स्थानों पर यह सुविधा शुरू की गई है। इसके अलावा गोमती नगर के पत्रकारपुरम चौराहा, जीएसटी भवन और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी कूलिंग पॉइंट विकसित किए जा रहे हैं।
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि इन कूलिंग पॉइंट्स का निर्माण पर्यावरण अनुकूल तकनीक से किया गया है। दीवारों और छत में मिट्टी एवं जूट जैसी प्राकृतिक सामग्री का उपयोग होने से अंदर का तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है और लोगों को स्वाभाविक रूप से ठंडा वातावरण मिलता है। इन केंद्रों पर राहगीरों और श्रमिकों के लिए बेड, सोफा, कुर्सियां, पंखे, कूलर, मटकों में ठंडा पेयजल तथा गुड़ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विशेष रूप से रिक्शा चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और खुले में काम करने वाले लोगों को इससे काफी राहत मिल रही है।
नगर निगम ने अपने 24 रैनबसेरों को भी हीट वेव राहत केंद्र के रूप में विकसित किया है। यहां विश्राम के साथ स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं जलकल विभाग के सहयोग से शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि भीषण गर्मी के दौरान प्रत्येक नागरिक को राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

Check Also

सलीम एवं सलमान को धमकाने वाला गिरफ्तार, खुद को बताता था छोटा शकील का गुर्गा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES