Breaking News

बीमा क्लेम घोटाले के अन्तरराज्यीय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, 11.89 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण द्वारा संगठित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़े अन्तरराज्यीय बीमा ठगी गिरोह पर कड़ी कार्रवाई की गई है। मरणासन्न व मृत व्यक्तियों का धोखाधड़ी से बीमा कराकर क्लेम की राशि हड़पने वाले इस संगठित गिरोह के तीन सदस्यों द्वारा अपराध से अर्जित कुल 11 करोड़ 89 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क की जा रही है। यह कार्रवाई थाना बहजोई, जनपद सम्भल द्वारा की गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्भल कृष्ण कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अनुकृति शर्मा और क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में दक्षिणी जोन पुलिस ने इस गिरोह का खुलासा किया था। जांच में सामने आया कि यह गिरोह देश के 12 से अधिक राज्यों में सक्रिय था और 100 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला कर चुका था। जनपद सम्भल, मुरादाबाद, बदायूं, अमरोहा सहित विभिन्न जनपदों में 25 से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अब तक 70 से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बीमा क्लेम की राशि हड़पने के उद्देश्य से कई हत्याएं की गई थीं। गिरोह को आशा कर्मियों, इन्वेस्टिगेशन एजेंसियों, बीमा कंपनियों और बैंक कर्मचारियों से भी मदद मिलती थी। थाना रजपुरा में गैंगस्टर एक्ट के तहत 25 अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में अभियुक्त सचिन शर्मा द्वारा 9 करोड़ 18 लाख 72 हजार, गौरव शर्मा द्वारा 1 करोड़ 44 लाख 2 हजार और ओंकारेश्वर मिश्रा करन द्वारा 1 करोड़ 26 लाख 77 हजार रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करना पाया गया। जिला मजिस्ट्रेट सम्भल के आदेश पर इन संपत्तियों को राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क किया जा रहा है।

Check Also

वैज्ञानिक नवाचार की नई उड़ान, सीमैप के 67वें स्थापना दिवस पर आयुष अनुसंधान और एमएसएमई सहयोग को मिली गति

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। सीएसआईआर-सीमैप ने शुक्रवार को अपना 67वां स्थापना दिवस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES