वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत एसआईआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस ड्राफ्ट सूची में कुल 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का करीब 18 प्रतिशत है। इनमें 46.23 लाख मृत मतदाता, 2.17 करोड़ स्थानांतरित हो चुके लोग और 25.47 लाख डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। एसआईआर से पहले प्रदेश में 15.44 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे, जो अब घटकर 12.55 करोड़ रह गए हैं। प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन के संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेसवार्ता में बताया।
जिला स्तर पर देखें तो राजधानी लखनऊ में सबसे अधिक करीब 12 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से कटे हैं, जबकि ललितपुर में सबसे कम 95 हजार नाम हटाए गए हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी मतदाता आयोग की वेबसाइट पर जाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन मतदाताओं का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे 6 फरवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। नवदीप रिणवा ने बताया कि नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरा जाएगा। इसके अलावा नाम में सुधार या निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 तथा विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए फॉर्म-6ए की सुविधा भी उपलब्ध है। सभी फॉर्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भरे जा सकते हैं। आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए 1950 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। शहरी क्षेत्रों में अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण विशेष कैंप आयोजित करने की योजना भी बनाई गई है। उत्तर प्रदेश से पहले देश के 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी एसआईआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हो चुकी है, जहां कुल 3.69 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान जैसे बड़े राज्य शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार ड्राफ्ट सूची पर 6 फरवरी तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी, जिनका निस्तारण 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 6 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से समय रहते अपना नाम जांचने और आवश्यक सुधार कराने की अपील की है।
श्री रिणवा ने बताया कि ड्राफ्ट सूची में अपना नाम चेक करना हो तो आप अपना नाम 3 तरीके से चेक कर सकते हैं। पहला- बूथ लेवल ऑफिसर के पास उपलब्ध मतदाता सूची से, ECINET मोबाइल ऐप से और ceouttarpradesh.nic.in या voters.eci.gov.in के जरिए। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाएं। राज्य और जिला चुनें। इसके बाद अपना विधानसभा क्षेत्र सेलेक्ट करें। अपना बूथ सेलेक्ट करें और ड्राफ्ट सूची डाउनलोड कर लें।