वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। छावनी क्षेत्र में ठंड से राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को आश्रय स्थल (रैन बसेरा) का उद्घाटन किया गया। कार्यालय छावनी परिषद, लखनऊ एवं लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट (मध्य) के सहयोग से यमुना सामुदायिक केंद्र, नेहरू रोड, कैंट लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रातः 11:30 बजे रैन बसेरा का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन डीसीपी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट (मध्य) वीर विक्रम सिंह, छावनी परिषद लखनऊ के सीईओ अभिषेक राठौर तथा छावनी परिषद के नामित सदस्य प्रमोद शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर रैन बसेरा में मौजूद लगभग 30 जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं फल वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि शीतलहर के मौसम में बेघर और असहाय लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। रैन बसेरा में ठहरने, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरतमंद लोग ठंड से सुरक्षित रह सकें। कार्यक्रम में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल, थाना अध्यक्ष कैंट गुरुप्रीत कौर, एसएसआई कैंट सूर्य बली यादव, उपनिरीक्षक दिनेश प्रसाद, महिला उपनिरीक्षक सोनिया सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं छावनी परिषद लखनऊ की ओर से प्रशासनिक अधिकारी समरेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य अधीक्षक मनीष कुमार, भंडार रक्षक जैनेन्द्र तिवारी तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि आगे भी जरूरतमंदों के लिए इस प्रकार के राहत कार्य जारी रहेंगे और ठंड के मौसम में किसी को भी असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।