– कार्यक्रम किसानों के लिए गौरव का पल, दोगुनी ऊर्जा से किसानों के हित में कार्य करेंगे : जयन्त सिंह
– ‘चौधरी चरण सिंह अवार्ड्स 2025’ में किसानों के योगदान को मिला सम्मान
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। किसान ट्रस्ट द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की स्मृति में ‘चौधरी चरण सिंह अवार्ड्स 2025’ (द्वितीय संस्करण) का आयोजन गुरुवार को नई दिल्ली में किया गया। समारोह में कृषि, सेवा, पत्रकारिता और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त सिंह रहे। अध्यक्षता किसान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह ने की।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसान को जमीन का मालिक बनाया और गांव-गरीब को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब ने जमींदारी प्रथा का उन्मूलन कर किसानों को सशक्त किया और किसी दबाव में झुके बिना उनके हितों की रक्षा की।
विशिष्ट अतिथि जयन्त सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम किसानों के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार विजेताओं को यह सम्मान और अधिक जिम्मेदारी के साथ किसानों के हित में काम करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सम्मानित लोग दोगुनी ऊर्जा के साथ ग्रामीण भारत और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में योगदान देंगे।
डॉ. यशवीर सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और किसान ट्रस्ट उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। समारोह में पुरस्कार विजेताओं ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किसान ट्रस्ट और अतिथियों के प्रति आभार जताया।