वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग मुख्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ केन–बेतवा लिंक परियोजना तथा उत्तर प्रदेश इरिगेशन एवं ड्रेनेज बिल 2024 की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को सिंचाई हेतु रोस्टर के अनुसार नहरों में टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय रोस्टर के अनुसार पानी उपलब्ध न कराने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त पानी मिलना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नए प्रस्तावित यूपी सिंचाई एवं ड्रेनेज अधिनियम 2024 पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिनियम को किसान हितैषी बनाया जाए और पुराने, गैर-जरूरी प्रावधानों को समाप्त किया जाए। भविष्य में जल उपलब्धता को देखते हुए पानी के किफायती उपयोग और सभी किसानों तक पानी की समान पहुंच पर जोर दिया गया।
स्वतंत्र देव सिंह ने विभाग में पदोन्नति पाए अवर अभियंताओं से लेकर मुख्य अभियंताओं तक सभी को प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के बाद ही पोस्टिंग देने के निर्देश दिए। बैठक में केन–बेतवा लिंक परियोजना की डीपीआर प्रगति और विभिन्न घटकों की समीक्षा भी की गई। समीक्षा के दौरान मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।