वेब वार्ता ( न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में दो वर्ष की मासूम बच्ची से घृणित अपराध किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए आरोपी संदीप कुमार को पकड़ लिया। घटना की जानकारी देर रात वादी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के माध्यम से मिली, जिसमें बच्ची के साथ हुए गंभीर अपराध का उल्लेख था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पाक्सो एक्ट और धारा 65(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।
इस बाबत थाना इटौंजा क्षेत्रान्तर्गत मासूम बच्ची के साथ हुए अपराध के संबंध में अपर पुलिस उपायुक्त, उत्तरी गोपीनाथ सोनी ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में दो वर्ष की मासूम बच्ची से घृणित अपराध किए जाने कि सूचना थी। महिला एवं बाल अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए इस मामले में पुलिस ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए आरोपी संदीप कुमार को पकड़ लिया। डीसीपी उत्तरी और एडीसीपी उत्तरी के निर्देशन में इटौंजा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की गई और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल भेजा गया। परिजनों के सहयोग से पुलिस ने मात्र दस मिनट के भीतर नामित आरोपी संदीप कुमार पुत्र सियाराम निवासी जनपद सीतापुर को पकड़ लिया, जो कैटरिंग मजदूर है और एक शादी समारोह में आया हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूलते हुए बताया कि वह थाना इंटौजा क्षेत्रान्तर्गत एक गांव में शादी समारोह में अपनी एक महिला मित्र के बुलाने पर ऑटो से पहुँचा था। समारोह के दौरान मौके का फायदा उठाते हुए उसने बच्ची को अकेला पाकर उसे छत पर ले गया, जहां वह बच्ची के साथ घृणित कृत्य करने के दौरान घर वालों द्वारा उसे पकड़ लिया गया। अभियुक्त ने बताया कि वह आमतौर पर शादी-विवाह तथा अन्य समारोहों में कैटरिंग में मजदूरी का कार्य करता है। जहां उसे घरवालों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को पॉक्सो के तहत कड़ी कार्यवाही करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द ठोस और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।