Breaking News

एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस पलटी, 3 की मौत, सीटें काटकर यात्रियों को निकाला

– दिल्ली से बिहार जा रही थी
– हादसे के बाद चालक और क्लीनर मौके से भागे
– चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
कानपुर। कानपुर के अरौल क्षेत्र में मंगलवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के सिवान जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। भीषण दुर्घटना में 5 साल के मासूम समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों सहित 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें कम से कम 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के वक्त बस में कुल 45 यात्री सवार थे।
घटना लगभग सुबह 3.20 बजे हुई, जब अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक आए तेज झटके के बाद बस अनियंत्रित होकर पलटी और करीब 50 फीट तक घिसटती चली गई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए। रात का सन्नाटा होने से लंबे समय तक कोई मदद नहीं मिल सकी। बाद में राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। कई यात्रियों को निकालने के लिए सीटें काटनी पड़ीं। सड़क पर 100 मीटर तक बस के पार्ट्स और शीशे बिखरे मिले।
यात्रियों ने बताया कि हादसा चालक को झपकी आने से हुआ। कुछ यात्रियों ने यह भी दावा किया कि चालक नशे में था और बस लहराती हुई चल रही थी। दुर्घटना के बाद चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। बस नालंदा आरटीओ में 2018 में पंजीकृत बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 5 वर्षीय अनुराग पुत्र अजय (बिहार), 20 वर्षीय नसीम आलम पुत्र सुहेल अहमद (बिहार) और 26 वर्षीय शशि कुमार पुत्र धर्मेंद्र गिरी (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। अनुराग की मां गंभीर रूप से घायल हैं और आईसीयू में भर्ती हैं, जबकि पिता को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को हैलट अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने फरार चालक और क्लीनर की तलाश शुरू कर दी है।

Check Also

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने खेली होली, बोले- समरसता और राष्ट्रभक्ति ही हमारी ताकत

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारगोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री गोरखनाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES