Breaking News

दालमंडी में ध्वस्तीकरण की शुरुआत, व्यापारियों का पुनर्वास मुद्दा फिर गर्माया

– दुकानदारों को 10 मिनट में खाली करने का अल्टीमेटम
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) / अजय कुमार
वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत शनिवार सुबह प्रशासन ने भारी पुलिस बल की उपस्थिति में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। वीडीए द्वारा चिह्नित 12 भवनों में से पहले भवन को ढहाने का काम प्रारंभ हो गया है, जबकि शेष भवनों के मालिकों और दुकानदारों को तुरंत दुकानें खाली करने का आदेश दिया गया है। दुकानदारों को मौके पर 10 मिनट के अंदर दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल दिखा। दालमंडी चौड़ीकरण योजना के अनुसार सड़क को 10 मीटर तक विस्तृत किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के मुताबिक दोनों तरफ 5-5 मीटर सड़क, 3.2-3.2 मीटर फुटपाथ और आधा-आधा मीटर की केसी ड्रेन नाली का निर्माण प्रस्तावित है। कुल मिलाकर 17.4 मीटर चौड़े क्षेत्र में काम किया जाएगा, जबकि फुटपाथ के नीचे विद्युत, पानी, इंटरनेट सहित सभी जनसुविधाओं को भूमिगत करने की योजना है। शुक्रवार को भी दालमंडी क्षेत्र में अधिकारियों और पुलिस की आवाजाही लगातार बनी रही। कई दुकानों पर लाल निशान लगाए जाने के बाद व्यापारियों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी फोर्स को देखकर वे पीछे हट गए। सत्तार मार्केट की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी की गई और 12 दुकानों को खाली करने का नोटिस थमा दिया गया। दिनभर पुलिस की तैनाती जारी रही जबकि बाजार में सामान्य दिनों की तरह खरीदारी भी होती रही।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें बेनियाबाग में बसाया जाए, जहां वर्षों से व्यापार का केंद्र रहा है। हालांकि, प्रशासन दुकानदारों को लोहता और मोहनसराय में स्थानांतरित करने की बात कर रहा है, जिसे व्यापारी स्वीकार नहीं कर रहे। उनका कहना है कि नए स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधि संभव नहीं है और इससे उनका आर्थिक नुकसान होगा। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना लंबे समय से विवादों में रही है, लेकिन प्रशासन के सख्त रुख और सुरक्षा घेरे के बीच अब काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Check Also

राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच एवं शिव सेवा संस्थान के तत्वाधान में प्रतिभाशाली सम्मान एवं कवि गोष्ठी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार नौतनवां (महराजगंज)। राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच एवं शिव सेवा संस्थान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES