Breaking News

मुख्यमंत्री ने बाराबंकी को दिया 1,734 करोड़ की 254 विकास परियोजनाओं का तोहफा

– राष्ट्रीय एकता हमारी आन-बान-शान, यह आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है : मुख्यमंत्री योगी
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ/बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बाराबंकी में 1,734 करोड़ रुपये की 254 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “राष्ट्रीय एकता केवल एक शब्द नहीं, बल्कि हमारी आन-बान-शान है। यह हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य है।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक व प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश की विरासत और विकास दोनों के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार बाबा लोधेश्वरनाथ धाम को श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर “महादेवा कॉरिडोर” के रूप में विकसित कर रही है। इसी तरह, हॉकी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले बाराबंकी के लाल के.डी. सिंह ‘बाबू’ की हवेली को भव्य म्यूजियम में बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में कृषि, उद्योग और रोजगार सृजन को समान महत्व दिया गया है। रामसनेहीघाट तहसील के कंदई गांव में 232 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निकट 220 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। साथ ही, हर जिले में कम से कम 100 एकड़ में ‘सरदार पटेल इंडस्ट्रियल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन’ बनाया जाएगा ताकि युवाओं को अपने ही जनपद में रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में प्राकृतिक मेंथा पर जीएसटी 18 से घटाकर 5 प्रतिशत करने से किसानों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज सड़क, एयर, रेलवे, मेट्रो और इनलैंड वाटरवे कनेक्टिविटी के माध्यम से विकास की गति को नया आयाम मिला है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत ने विकास, गरीब कल्याण और विरासत के सम्मान की शानदार यात्रा तय की है। उन्होंने आह्वान किया कि जाति, मजहब या क्षेत्र से ऊपर उठकर सभी नागरिक “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन, सरदार पटेल के जीवन पर लघु फिल्म प्रदर्शन और खाद्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा, विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

Check Also

राज्यपाल से राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षु अधिकारियों की शिष्टाचार भेंट

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से सोमवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES