– प्रदेश के विभिन्न अंचलों के कलाकार दल गुजरात के केवड़िया के लिए रवाना
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा का गौरवपूर्ण प्रदर्शन इस वर्ष ‘भारत पर्व 2025’ में देखने को मिलेगा। इसी क्रम में आज लखनऊ से संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न अंचलों से चयनित कलाकारों एवं विभागीय कर्मियों का दल दो बसों में सवार होकर केवड़िया, गुजरात के लिए रवाना हुआ। रवाना करते समय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कलाकारों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश की भागीदारी हमारे राज्य की सांस्कृतिक विविधता, लोकजीवन और कलात्मक गौरव को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्नत संस्कृति ही समग्र विकास का आधार है, और यह पहल ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को और सशक्त बनाएगी।”
कलाकार दल में ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वांचल और जनजातीय अंचलों से आए श्रेष्ठ कलाकार शामिल हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र की विशिष्ट लोककला, संगीत, नृत्य और परंपराओं की प्रस्तुतियाँ देंगे। यह दल उत्तर प्रदेश की “विविधता में एकता” की भावना को मंच पर जीवंत करेगा। केवड़िया रवाना होने से पूर्व कलाकारों ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की लोकपरंपरा, लोकसंगीत और नृत्य की गरिमा को पूरे देश के सामने प्रस्तुत करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और संस्कृति विभाग का आभार व्यक्त किया। भारत पर्व में उत्तर प्रदेश का यह दल न केवल अपनी सांस्कृतिक समृद्धि का प्रदर्शन करेगा, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को कला और लोकजीवन के माध्यम से साकार करेगा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने संस्कृति के क्षेत्र में जो प्रगति की है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है।”