Breaking News

ओवरसीज जॉब्स फ्लैग-ऑफ सेरेमनी संपन्न : रोजगार महाकुंभ में चयनित 27 अभ्यर्थी हुए दुबई रवाना

– “हर हाथ को रोजगार देने के लिए सरकार दृढ़-संकल्पित” — श्रम मंत्री अनिल राजभर
– गोरखपुर और वाराणसी में भी आयोजित होंगे रोजगार महाकुंभ : प्रमुख सचिव
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश के युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के प्रयासों के तहत आज लखनऊ स्थित बापू भवन सभागार में “ओवरसीज जॉब्स फ्लैग-ऑफ सेरेमनी” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने रोजगार महाकुंभ में चयनित 27 अभ्यर्थियों को दुबई प्रस्थान हेतु वीजा और टिकट सहित आवश्यक अभिलेख प्रदान किए। उन्होंने बताया कि 26 से 28 अगस्त 2025 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ में 16 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जिनमें से 1,612 युवाओं का चयन दुबई के लिए किया गया था। इनमें से वीजा और टिकट प्रक्रिया पूर्ण कर चुके 27 अभ्यर्थी अब विदेश यात्रा पर जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसे भारत सरकार से ओवरसीज प्लेसमेंट के लिए आर.ए. लाइसेंस प्राप्त हुआ है। इससे राज्य का सेवायोजन विभाग अब विदेश मंत्रालय एवं विभिन्न देशों के राजनयिकों से सीधा समन्वय स्थापित कर सकेगा।
युवाओं से अनिल राजभर ने कहा कि “विदेश में रोजगार पाने वाले किसी भी अभ्यर्थी को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। सरकार और विभाग हर समय आपके साथ हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।” उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि दुबई में रहकर अपने कौशल, भाषा और अनुभव को बढ़ाने का प्रयास करें ताकि भविष्य में और बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
मंत्री ने बताया कि रूस में वर्तमान में लगभग पाँच लाख श्रमिकों की मांग है और इस दिशा में भारत सरकार तथा प्रदेश सरकार संयुक्त रूप से समन्वय स्थापित कर रही हैं। इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन ने कहा कि गोरखपुर और वाराणसी में भी शीघ्र ही रोजगार महाकुंभ आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
अनिल राजभर ने अंत में कहा कि “प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ष 25,000 युवाओं को विदेशों में और एक लाख युवाओं को देश के निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी हाथ बेकार न रहे — हर हाथ को सम्मानजनक रोजगार मिले।”

Check Also

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में खेली गयी फूल और अबीर – गुलाल की होली

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के पावन पर्व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES