– “भाजपा इस्तेमाली पार्टी है—पहले इस्तेमाल करती है, फिर बर्बाद कर देती है,” : अखिलेश यादव
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
पटना/पूर्णिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बिहार में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्णिया के धमदहा, मधुबनी के मधेपुर (झांझर), फूलपरास और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सभाओं में भाजपा पर तीखा हमला बोला।
अखिलेश यादव ने कहा कि “बिहार में इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है, चुनावी हवा देख भाजपा घबरा गई है। भाजपा ने बिहार को बर्बाद किया, किसानों, नौजवानों और व्यापारियों सभी को धोखा दिया है।” उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की जगह कट्टा और जंगलराज की बात करती है जबकि गठबंधन नौजवानों को नौकरी, छात्रों को लैपटॉप, एक्सप्रेस-वे और सड़कों का वादा कर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “दिल्ली से जो आते हैं, वे प्रधानमंत्री नहीं उद्योगपति हैं। उन्होंने महंगाई चरम पर पहुंचा दी, गैस सिलेंडर, डीजल-पेट्रोल सब महंगा कर दिया।”
अखिलेश यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। “तेजस्वी हर घर नौकरी देंगे, माताओं-बहनों को 2500 रुपये महीना, 500 रुपये में गैस सिलेंडर और 200 यूनिट मुफ्त बिजली देंगे। छात्राओं को साइकिल और मेधावी छात्रों को लैपटॉप मिलेगा,” उन्होंने कहा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण बिहार का नौजवान पलायन को मजबूर है। “तेजस्वी की सरकार बनेगी तो युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलेगा। सरकार बदलेगी तो बिहार बदलेगा।” उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा से 30 सालों का हिसाब मांग रही है—10 साल दिल्ली का और 20 साल बिहार का। “इस बार जनता भाजपा का पलायन करा देगी। बिहार में इंडिया गठबंधन की जीत सौहार्द, भाईचारे और न्याय की जीत होगी।”
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा किसानों की आय दोगुनी नहीं कर सकी, बल्कि खाद की बोरियों में चोरी करा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब कई टीमों—ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम के जरिए झूठा प्रचार कर रही है, पर जनता अब सब समझ चुकी है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में अयोध्या और अवध में भाजपा को हराया। “अयोध्या में भगवान श्रीराम ने समाजवादियों को आशीर्वाद दिया है। 11 नवंबर को बिहार से भाजपा नौ-दो-ग्यारह हो जाएगी,” उन्होंने कहा। उन्होंने तेजस्वी यादव को नई पीढ़ी का नेता बताते हुए कहा कि वे सबको साथ लेकर नया बिहार बनाएंगे।