वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के निर्देशों एवं उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय की निदेशक डॉ. सृष्टि धवन के मार्गदर्शन में संचालित संग्रहालय की शैक्षिक भ्रमण योजना के अंतर्गत आज प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए विद्यार्थियों को राज्य संग्रहालय, लखनऊ का भ्रमण कराया गया।
इस कार्यक्रम में लखनऊ, सीतापुर, मऊ, गोंडा, प्रतापगढ़, प्रयागराज, बहराइच, उन्नाव, गोरखपुर, हरदोई, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और अमेठी जनपदों के 28 विद्यालयों के कुल 1957 विद्यार्थी एवं उनके गुरुजन शामिल हुए। सभी ने संग्रहालय की विभिन्न वीथिकाओं का अवलोकन कर प्रदेश एवं देश की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध कला और संस्कृति से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर राज्य संग्रहालय, लखनऊ के निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बच्चों को भारत की सांस्कृतिक धरोहरों और पुरातात्विक महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इन विरासतों के संरक्षण और संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न प्रदर्शनों, मूर्तियों, पेंटिंग्स और ऐतिहासिक अवशेषों को देखकर अत्यंत उत्साह व्यक्त किया। विद्यालय शिक्षकों ने राज्य संग्रहालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में इतिहास, संस्कृति और धरोहर संरक्षण के प्रति जिज्ञासा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।