– समाज को समझना है तो पत्रकारों को अपना मित्र बनाना होगा : पवन सिंह चौहान MLC
– यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन का दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन अयोध्या में सम्पन्न
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
अयोध्या। प्रदेश के संसदीय कार्य एवं चिकित्सा स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन जनपदों में कार्ड बनने में दिक्कत आ रही है, उसका निराकरण तुरंत कराया जाएगा। श्री सिंह शुक्रवार को जानकी महल ट्रस्ट सभागार, अयोध्या में आयोजित यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के राज्य स्तरीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार कर रही है। आज प्रदेश के 81 जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और गंभीर बीमारियों के उपचार में आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
अयोध्या के पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड न बनने की समस्या पर तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले का निस्तारण तुरंत किया जाए।
सम्मेलन में स्वतंत्र प्रभार मंत्री दिनेश प्रताप सिंह बिहार विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके, परंतु उन्होंने दूरभाष पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज व सरकार के बीच सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सहयोग के लिए उनके दरवाजे सदैव खुले हैं।
एमएलसी पवन सिंह चौहान ने कहा कि समाज को समझना है तो पत्रकारों को अपना मित्र बनाना होगा। उन्होंने पत्रकारों के राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन के लिए नैमिषारण्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन और निर्माण यात्रा में मीडिया ने सकारात्मक भूमिका निभाई है। मीडिया की ही देन है कि आज देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि 25 नवम्बर को होने वाले धर्म ध्वज स्थापना समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी ने पत्रकारों की पेंशन, चिकित्सा सुविधा, कोविड काल में दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को आर्थिक सहायता सहित आठ सूत्रीय मांगपत्र सरकार को सौंपा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री देवराज सिंह, लखनऊ मंडल अध्यक्ष शिवशरण सिंह, पूर्व सांसद निर्मल खत्री, विधायक अभय सिंह, आईएफडब्ल्यूजे राष्ट्रीय सचिव विश्वदेव राव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रजत मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार मुकुल मिश्रा, राष्ट्रीय स्वरुप के संपादक हरिकृष्ण अरोरा, सुमन गुप्ता, विजय त्रिपाठी,अविनाश शुक्ल, अनिल त्रिपाठी, पवन पाण्डे, महिमा तिवारी, नीलम सिंह , गंगेश मिश्रा, उग्रसेन मिश्रा, शशिनाथ दुबे, सूर्यनारायण सिंह एवं सुरेंद्र श्रीवास्तव जो की अयोध्या प्रेस क्लब के अध्यक्ष है सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।