Breaking News

दीपावली पर मुख्यमंत्री का गरीबों को उज्ज्वला की सौगात, बांटी 1.86 करोड़ गैस रिफिल सब्सिडी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि से गैस रिफिल सब्सिडी हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीपावली पर्व पर सरकार की ओर से जनता के लिए एक विशेष उपहार है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए और कहा कि रसोई गैस अब नारी गरिमा और स्वच्छ पर्यावरण का प्रतीक बन चुकी है। इससे महिलाओं के जीवन में सुविधा आई है और परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के तहत बिना किसी भेदभाव के सभी जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। देशभर में 11 करोड़ गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ परिवार इस योजना का लाभ ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के चलते प्रदेश में कानून-व्यवस्था का माहौल मजबूत हुआ है, जिससे बेटियां और व्यापारी सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पिछले साढ़े आठ वर्षों में सभी समुदायों के पर्व और त्योहार शांति एवं सौहार्द के साथ मनाए गए हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली पर स्थानीय हस्तशिल्पियों और कारीगरों द्वारा बनाए गए दीप, मूर्तियाँ और स्वदेशी सामग्री खरीदें। इससे न केवल कारीगरों की आय बढ़ेगी बल्कि ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को भी साकार किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने हृदय में गरीबों के प्रति संवेदना रखनी चाहिए और अपने अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग परमार्थ कार्यों में करना चाहिए, जिससे त्योहारों का आनंद और भी बढ़ जाता है। कार्यक्रम के अंत में निःशुल्क राशन और रसोई गैस सिलेण्डर वितरण पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

 

Check Also

बजट सिर्फ आंकड़ों का नहीं, भारत के भविष्य का विजन: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES