– सोनार समाज के अग्रणी संगठन राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच एवं गोल्डन क्लब के सदस्यों ने आयुष वर्मा की उपलब्धियों पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनायें दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बहराइच (रूपईडीहा)। युवा उद्यमी आयुष वर्मा ने राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक होते हुए कहा कि “मैं यह पुरस्कार पहलगाम आतंकी हमले के दिवंगत आत्माओं, पीड़ितों और उनके परिजनों, सेना के शूरवीरों तथा अपनी स्वर्गीय दादी माँ को समर्पित करता हूँ।”
कस्बे के नई बस्ती निवासी युवा पर्यावरणविद, उद्यमी और छात्र आयुष वर्मा ने रूपईडीहा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्हें भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय की ओर से वर्ष 2022-23 के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सोमवार, 6 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र हॉल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया।
आयुष वर्मा, जो अपर सांख्यिकीय अधिकारी (लखनऊ मंडल) सन्तोष कुमार वर्मा के ज्येष्ठ पुत्र हैं, ने एनएसएस के स्वयंसेवक के रूप में कई सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल इंडिया, कैशलेस इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों में जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया। इसके साथ ही उन्होंने “सेव माउंटेन टू सेव हिमालय” जैसे अभियानों में भी भाग लेकर पर्यावरणीय चेतना को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में योगदान दिया।
राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद उनके परिवार, शिक्षकों, मित्रों और नगरवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि आयुष ने अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे रूपईडीहा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मणि लाल वर्मा ने कहा कि आयुष वर्मा की उपलब्धियों पर सोनार समाज लो उनपर नाज़ है। मंच और गोल्डन क्लब उनसे आशा करती है कि इसी तरह वह अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करते रहेंगे। हम सब उनके साथ है।