Breaking News

केंद्रीय संचार ब्यूरो में राजभाषा कार्यशाला

– हिंदी हमारी मातृभाषा है और कार्यालयीन कार्यों में इसका प्रयोग बढ़ाना गर्व की बात है : मनोज कुमार वर्मा
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा 25 अगस्त 2025 को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सभी इकाई प्रमुखों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि ओम प्रकाश, निदेशक, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने प्रतिभागियों को कार्यालय में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और धारा 3(3) के तहत आने वाले सभी प्रपत्रों को हिंदी में तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि हिंदी में कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नगद पुरस्कार सहित प्रोत्साहित किया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मनोज कुमार वर्मा, निदेशक, केंद्रीय संचार ब्यूरो लखनऊ ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और कार्यालयीन कार्यों में इसका प्रयोग बढ़ाना गर्व की बात है। सभी को हिंदी के सम्मान में कार्य करने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम समन्वयक जय सिंह, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी/राजभाषा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और हिंदी में कार्य करते हुए अपने कार्यालय को राजभाषा विभाग में सर्वश्रेष्ठ घोषित कराने का लक्ष्य रखने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र विश्वकर्मा ने किया, जिन्होंने अपने साहित्यिक ज्ञान और कुशल संचालन से सभी प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध किया।
इस कार्यशाला के माध्यम से कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और राजभाषा अधिनियम के प्रावधानों का सही पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Check Also

दीपावली पर पंकज चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

– धर्म, सत्य और सामाजिक समरसता के प्रकाश से समाज को आलोकित करने का किया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *