Breaking News

फोटो पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है : केशव प्रसाद मौर्य

– फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने की कला नहीं है, बल्कि समाज का आईना है
– एक तस्वीर हजार शब्दों से ज्यादा गहरी बात कह जाती है।
– फोटो सच्चाई को जन-जन तक पहुँचाती है

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि फोटोग्राफी सिर्फ तस्वीर खींचने की कला नहीं, बल्कि समाज का आईना है। एक तस्वीर हजार शब्दों से ज्यादा गहराई से बात कह जाती है। फोटो पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है, जो सच्चाई को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती है।
उप मुख्यमंत्री सोमवार को अलीगंज स्थित कलास्रोत में द यूथ फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय फोटो प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने प्रेरणादायी प्रदर्शनी के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि यह केवल कला का उत्सव नहीं है, बल्कि समाज और समय के प्रति हमारी जिम्मेदारी की भी याद दिलाती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार सिर्फ कैमरे से तस्वीर नहीं उतारते, बल्कि समय की नब्ज को पकड़ते हैं। वे समाज की कहानियों को बयान करते हैं और इतिहास को जीवंत रूप देते हैं। एक फोटो वही देखती है जो आम नजरों से अक्सर छूट जाता है, और आने वाली पीढ़ियों के लिए सत्य और प्रेरणा का स्रोत बनती है।
डिप्टी सीएम ने भरोसा जताया कि यह प्रदर्शनी समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले संदेश प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि युवा फोटो पत्रकार इस क्षेत्र को नई ऊर्जा देंगे और न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार रचनात्मक पत्रकारिता, कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा ऐसे आयोजनों को भविष्य में और भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवाओं को सशक्त मंच और रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर मिल सके।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *