– सरकार सभी चर्चाओं में भाग लेते हुए सकारात्मक जवाब देगी तथा सुझावों के अनुरूप समाधान निकालने का प्रयास करेगी: मुख्यमंत्री
– निर्बाध संचालन हेतु सभी दलों के सहयोग का आश्वासन
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने रविवार को विधान भवन में आहूत सर्वदलीय बैठक में विधान सभा के शीतकालीन सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही सदन चलता है। सकारात्मक वातावरण में तार्किक, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने सत्र के सुचारु संचालन में सत्ता पक्ष के पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सदन जनाकांक्षाओं को रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में हुई समृद्ध चर्चाएं देश भर की विधानसभाओं के लिए प्रेरणा बनी हैं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि सरकार सभी चर्चाओं में भाग लेते हुए सकारात्मक जवाब देगी तथा सुझावों के अनुरूप समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधान सभा अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी दलीय नेताओं व सदस्यों ने सकारात्मक भाव के साथ सदन को चलाने के लिए अपना योगदान दिया है। यह सराहनीय व अभिनन्दनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के इस तीसरे सत्र में भी हम सभी सकारात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे, यह विधान सभा के डॉक्यूमेण्ट का पार्ट बनेगा। इस सत्र में प्रदेश सरकार, अनुपूरक बजट भी लेकर आयेगी। विधान सभा का यह सत्र बहुत महत्वपूर्ण होगा।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पक्ष और विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है। प्रदेश सरकार संवेदनशील है। सदन के सदस्यों द्वारा कही गई बातों पर सरकार द्वारा संज्ञान लिया गया है।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष समाजवादी पार्टी के माता प्रसाद पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल सिंह बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के श्री बेदी, निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के अनिल कुमार त्रिपाठी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’, तथा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन हेतु अपने-अपने दलों की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।