वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर के श्री गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रान्ति मेला की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मकर संक्रान्ति मेले की सभी तैयारियां 15 दिसम्बर, 2024 तक पूरी कर ली जायें, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा एवं व्यवस्था उपलब्ध हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नववर्ष के पहले दिन से ही श्री गोरखनाथ मंदिर में भारी संख्या मे लोग आने लगते हैं। मकर संक्रान्ति मेले में बड़ी संख्या में नेपाल एवं बिहार से भी लोग खिचड़ी चढ़ाने आते हैं, इसलिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध हों। पुलिस प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने तथा ट्रैफिक जाम आदि न लगने पाये, इसके लिए पूरी व्यवस्थाएं करे तथा यह भी सुनिश्चित करे कि वाहन पार्किंग स्थल में खड़े हों। वाहन स्टैण्ड पर प्रकाश, सुरक्षा, अलाव, सी0सी0टी0वी0 व साफ-सफाई की व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रयागराज महाकुम्भ मेले में जाते समय व वापसी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंकर संक्रान्ति मेले में आ सकते हैं, इसके दृष्टिगत व्यवस्थाएं की जाएं। मेले में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए तथा सी0सी0टी0वी0 कैमरे की पर्याप्त व्यवस्था हो। मेले में नगर निगम सफाई व मार्ग प्रकाश की बेहतर व्यवस्था के साथ अलाव भी जलवाये। गोरखपुर विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम सड़कों को ठीक रखें। दूर संचार विभाग मेले के दौरान टेलीफोन के अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध करायें। विद्युत विभाग यह सुनिश्चित करे कि मोहल्लां में कहीं भी तार खुले, जर्जर व ढीले न रहें। मेले का व्यापक प्रचार प्रसार करने के साथ मेले में आये लोगों को गोरखपुर के विकास के बारे में जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी लगाई जाये।