वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बेईमानी नहीं की होती तो उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन 50 सीटों से भी ज्यादा सीटें जीतता। भाजपा सरकार के इशारे पर प्रशासन ने कई सीटों पर बेईमानी की। प्रशासन निष्पक्ष रहता तो इंडिया गठबंधन ने जितनी सीटों पर जीत हासिल की है, उससे भी ज्यादा सीटें आती। श्री यादव ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की जीत के लिए पीडीए परिवार को धन्यवाद दिया। पीडीए हमारे लिए सिर्फ नारा नही है। पीडीए का नारा भावना बनकर उभरा है। इस चुनाव में भी हमने देखा कि रामपुर, बदायूं, साथ-साथ हमारे लोकसभा क्षेत्र कन्नौज में भाजपा के नेताओं ने बूथों पर जाकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, वोटरों को परेशान किया।
एक न्यूज चैनल से इन्टरव्यू में श्री यादव ने कहा कि इस चुनाव में समाजवादियों को अयोध्या की जनता का आशीर्वाद मिला। अयोध्या में भाजपा सरकार ने लूट और भ्रष्टाचार किया। अयोध्या में भाजपा की हार उसकी नाकामी है। जनता ने वहां समाजवादियों का साथ दिया। भाजपा सरकार में अयोध्या जैसी पावन धरती पर भारी भ्रष्टाचार हुआ। सरकार ने किसानों को मार्केट रेट पर मुआवजा नहीं दिया। सदियों से व्यापारियों की दुकानें थी, उन्हें तोड़ दिया गया। उन्हें मार्केट वैल्यू से मुआवजा क्यों नहीं दिया? सोचिए जब अयोध्या में इतना भ्रष्टाचार और लूट किया तो बाकी जिलों में क्या हाल होगा? कल्पना नहीं की जा सकती है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने संविधान और आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया। लेटरल एंट्री के जरिए इसी सरकार ने पहले तमाम भर्तियां की, उसमें आरक्षण का पालन नहीं किया। कई विभागों में लेटरल एंट्री से भर्ती हुई लेकिन आरक्षण का पालन नहीं हुआ। कृषि विभाग में न जाने कितने लोग लेटरल एंट्री से आये थे क्या उसमें आरक्षण दिया गया था? समाजवादियों ने पहले भी कहा था भाजपा आरक्षण का नुकसान करती है। वाइस चांसलर की नियुक्तियों में पीडीए परिवार के लोग कहां है? वाइस चांसलर ने जिन लोगों की नियुक्ति की क्या उसमें पीडीए परिवार के लोग हैं? श्री यादव ने कहा कि आरक्षण की लड़ाई बहुत लम्बी है। आरक्षण तब मिला जब बहुत लड़ना पड़ा। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार भेदभाव करती है। सुल्तानपुर मामले में मुख्य आरोपी पर ज्यादा मुकदमे है, वह सरेण्डर करता है और मंगेश यादव को पुलिस 2 सितम्बर को घर से उठाती है और 5 सितम्बर 2024 को मार दिया जाता है। बता दिया एनकाउण्टर हुआ। सरकार बताए की जो कांड का मुख्य कर्ताधर्ता है, उसका क्या किया? सरकार ने सरेण्डर करा दिया। उत्तर प्रदेश में जितने फेंक एनकाउण्टर हुए है, उसमें सबसे ज्यादा पीडीए परिवार के हैं।
श्री यादव ने कहा कि इनसे पहले किसी भी मुख्यमंत्री ने जेल में जाकर माफिया के साथ चाय-काफी नहीं पी थी। उत्तर प्रदेश के किसी और मुख्यमंत्री ने अपने मुकदमे वापस नहीं लिए थे। इस सरकार के सात साल हो गये, क्या उसने कभी प्रदेश के टॉप टेन माफियाओं की सूची जारी की। श्री यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में डबल टकराव चल रहा है। उसी से ध्यान हटाने के लिए बुलडोजर की बात होती है। बुलडोजर न्याय का प्रतीक नहीं है। जिसके कागज है, नक्शा पास है लेकिन डर दिखाने के लिए घर गिरा दे रहे हैं। क्या यह न्याय है।