Breaking News

समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में जीती तो जातीय जनगणना होगी : अखिलेश यादव

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी) अजय कुमार वर्मा
टीकमगढ़ 6 नवम्बर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी आर.आर. बंसल (बरार) और पन्ना जिले के गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र की पार्टी प्रत्याशी श्रीमती अमिता बागरी के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।
    श्री यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र नहीं लूटतंत्र पर भरोसा करती है। भाजपा लोकतंत्र की लूट कर रही है। उत्तर प्रदेश हो या मध्य प्रदेश भाजपा संविधान और लोकतंत्र को खत्म कर रही है। मध्य प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी के लिए भाजपा जिम्मेदार है। प्रधानमंत्री एक कार्यक्रम में कह रहे थे कि 13 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। अगर इतने लोग गरीब रेखा से बाहर हो गये हैं तो यह राशन किसको दे रहे हैं? प्रधानमंत्री जिस होटल में गरीबी पर भाषण दे रहे थे, उस होटल में दाल की कीमत एक हजार रुपए प्लेट और एक रोटी की कीमत चार सौ रुपये है। श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के दावे के हिसाब से तो मध्य प्रदेश में अब कोई गरीब नहीं है। भाजपा के लोगों पर भरोसा नहीं करना है। जब चुनाव आता है तो भाजपा के लोग किसानों, गरीबों, नौजवानों से झूठे वादे करते है। चुनाव खत्म होने के बाद भूल जाते हैं।
श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस बहुत चालू पार्टी है। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को धोखा दिया। मध्य प्रदेश की बदहाली के लिए भाजपा कांग्रेस दोनों जिम्मेदार है। जिस रास्ते पर कांग्रेस चल रही थी। अब उसी रास्ते पर भाजपा चल रही है। कांग्रेस ने देश में जातीय जनगणना नहीं होने दिया था। कांग्रेस ने पिछड़ों के आरक्षण के लिए मण्डल कमीशन की रिपोर्ट को लागू नहीं होने दिया था। अब वही भाजपा कर रही है। भाजपा देश में जातीय जनगणना का विरोध कर रही है। पिछड़े और दलितों को उनकी हक और हिस्सेदारी नहीं दे रही है। भाजपा सामाजिक न्याय की दुश्मन है। कई राज्यों में मण्डल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार पिछड़ों के लिए 27फीसदी आरक्षण लागू है लेकिन मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने नहीं लागू किया। कांग्रेस और भाजपा में कोई फर्क नहीं दिखाई देता है।
श्री यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में जीती तो जातीय जनगणना होगी। सभी को आबादी के अनुपात में हक और सम्मान दिया जाएगा। पिछड़े वर्गों को 27 फीसदी आरक्षण दिलाया जाएगा। मेधावी छात्रों को लैपटॉप दिया जाएगा। सेवा निवृत्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दिलायी जाएगी। किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाया जाएगा। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई।
अखिलेश यादव आगामी सोमवार और मंगलवार को भी मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभाएं करेंगे।

Check Also

उपराज्यपाल की श्रद्धालुओं से अपील, वैध पंजीकरण के बाद ही करें अमरनाथ यात्रा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार श्रीनगर/ लखनऊ । जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES