वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में घायल बाराबंकी में तैनात क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह का उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में घायल क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह के उपचार के दौरान निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका असमय निधन उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
डीजीपी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में ईश्वर शोक संतप्त परिवार को असीम पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने हादसे में घायल आरक्षी योगेंद्र सिंह के उपचार को लेकर भी जानकारी दी।
राजीव कृष्ण के मुताबिक, दुर्घटना में घायल आरक्षी योगेंद्र सिंह के समुचित उपचार की व्यवस्था पुलिस मुख्यालय स्तर से सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आरक्षी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।