Breaking News

सड़कों की बदहाली पर भाजपा विधायक ने रोका मंत्री का काफिला, कार्यकर्ताओं-सुरक्षाकर्मियों में झड़प, अखिलेश का तंज

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
महोबा। जिले में सड़कों की बदहाली और जल जीवन मिशन से जुड़ी समस्याओं को लेकर उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला बीच सड़क पर रोककर विरोध दर्ज कराया। घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे कलेक्ट्रेट मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला सामने आने के बाद विपक्ष ने भी इसे लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
बताया गया कि जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एक दिवसीय महोबा दौरे पर आए थे। शहर के रामश्री महाविद्यालय में आयोजित युवा उद्घोष कार्यक्रम से लौटते समय कलेक्ट्रेट मार्ग पर पहले से मौजूद चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत और उनके समर्थकों ने मंत्री का काफिला रोक लिया। विधायक और समर्थकों का आरोप था कि जल जीवन मिशन के तहत सड़कों को खोद दिया गया है, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। कई गांवों में अब तक पानी की आपूर्ति भी सुचारु नहीं हो सकी है। काफिला रुकने के बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को स्वयं वाहन से नीचे उतरकर स्थिति संभालनी पड़ी। इस दौरान विधायक और मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हुई। समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह नियंत्रित किया। सीओ सदर अरुण कुमार सिंह और एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने मौके पर पहुंचकर समर्थकों को सड़क से हटवाया और काफिले को आगे बढ़वाया।
विरोध के बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक बृजभूषण राजपूत को अपनी गाड़ी में बैठाकर बातचीत की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि जहां भी सड़कें खुदी मिलीं या लापरवाही पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वे स्वयं गांवों में जाकर स्थिति की जांच करेंगे और दोषी अफसरों को निलंबित किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि विधायक के समर्थकों ने समस्याएं बताने के लिए काफिला रोका था और अब मामले को शांत करा लिया गया है।
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के डबल इंजन ही नहीं, डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री और विधायक न जनता का काम कर रहे हैं और न ही विकास, बल्कि एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं।

Check Also

गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, बाजार में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारकानपुर। कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया बाजार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES