Breaking News

भाजपा लोकतंत्र की दुश्मन, 2027 में जनता दिलाएगी कुशासन से मुक्ति: अखिलेश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की दुश्मन है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस करने पर उतारू है। भाजपा नफरत फैलाने को अपनी सफलता मानती है, इसलिए सपा कार्यकर्ताओं को उससे सतर्क रहना होगा।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को भी धोखा दिया। समाजवादी सरकार में बनी सिग्नेचर बिल्डिंग और जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को बेचने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सवाल किया कि जेपी के नाम पर बनी इमारत को क्यों बेचा गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में बने प्लासियो मॉल, किसान बाजार और कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट समेत कई परियोजनाओं को भी भाजपा सरकार ने बेच दिया या बर्बाद करने का काम किया।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हाईवे और एक्सप्रेसवे निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है और जल जीवन मिशन की पानी की टंकियां लगातार टूट रही हैं। चिकित्सा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गरीबों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहने और भाषा व व्यवहार में शिष्टाचार बनाए रखने की अपील की। अखिलेश ने कहा कि जनता सपा की सरकार बनाने के लिए तैयार है और 2027 में भाजपा के कुशासन से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने भाजपा को किसान, नौजवान और मजदूर विरोधी बताते हुए महंगाई को लेकर भी निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। गन्ना किसानों का 24 घंटे में भुगतान, समय पर खाद-बीज और पानी उपलब्ध कराने के साथ किसानों को जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

Check Also

योगी सरकार का बड़ा फैसला, 70 साल तक सेवाएं देंगे सेवानिवृत्त विशेषज्ञ डॉक्टर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES