Breaking News

बसपा से निष्कासन के बाद अंटू मिश्रा ने मांगी माफी, बोले- अब बसपा में वापसी नहीं

– कार्यकर्ताओं से राय लेकर तय करेंगे अगली सियासी पारी
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। बसपा से निष्कासन के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा ने मायावती से माफी मांगते हुए कहा है कि उन्हें अब तक अपनी गलती की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के वफादार रहे हैं और आज भी उन्हें अपना नेता मानते हैं। हालांकि, निष्कासन के बाद उन्होंने साफ कर दिया कि अब वह बसपा में वापस नहीं जाएंगे।
अंटू मिश्रा ने कहा कि अगर जाने-अनजाने में उनसे कोई गलती हुई है तो वह उसके लिए माफी मांगते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि आखिर किस वजह से पार्टी से निकाला गया। उन्होंने कहा कि उन्हें भी मायावती के एक्स पोस्ट के जरिए ही अपने निष्कासन की जानकारी मिली।
उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक व्यक्ति हैं और आगे किसी न किसी दल में जरूर जाएंगे, लेकिन इस संबंध में फैसला अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बातचीत के बाद ही करेंगे। अंटू मिश्रा ने कहा कि जिस पार्टी में जाएंगे, वहां आखिरी सांस तक रहने का प्रयास करेंगे।
बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अंटू मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया था। अंटू मिश्रा को बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था और वह सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी माने जाते रहे हैं। वह कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। अंटू मिश्रा के अगले राजनीतिक कदम को लेकर अब अटकलें तेज हैं। हालांकि उन्होंने बीजेपी में जाने की संभावना पर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है। उन्होंने केवल इतना कहा कि कार्यकर्ताओं से राय लेने के बाद ही अपनी अगली सियासी दिशा तय करेंगे।

Check Also

झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग से दुष्कर्म, तांत्रिक गिरफ्तार, समाज में बढ़ता अंधविश्वास का खतरा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार बांदा । उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में झाड़-फूंक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES