Breaking News

तृतीय दीक्षांत समारोह में झलकी आरएमएल की नई उड़ान, स्वास्थ्य सेवाओं और शोध में रचा प्रगति का नया अध्याय

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) का तृतीय दीक्षांत समारोह मंगलवार को शैक्षणिक शोभायात्रा के साथ गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में अतिथियों का स्वागत चंदन के पौधे भेंट कर किया गया। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने समारोह का शुभारंभ करते हुए उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें चिकित्सा सेवा में संवेदनशीलता, समर्पण और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा की सबसे बड़ी सफलता किसी रिपोर्ट में नहीं, बल्कि मरीज को मिली राहत और उसके चेहरे की मुस्कान में दिखाई देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान के साथ-साथ अपने व्यवहार से भी समाज में पहचान बनाएं।
दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। बताया गया कि वर्तमान में संस्थान में एमबीबीएस, एमडी-एमएस, डीएम-एमसीएच, बीएससी नर्सिंग, डीएनबी, एफएनबी और पीएचडी समेत 34 विभागों में शिक्षा प्रदान की जा रही है। वर्ष 2025-26 में 148 अनुसंधान परियोजनाएं, 20 क्लीनिकल ट्रायल और तीन पेटेंट दर्ज किए गए हैं।
रोगी सेवाओं के क्षेत्र में संस्थान ने पिछले एक वर्ष में नौ लाख से अधिक ओपीडी मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया, जबकि 78 हजार से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज दिया गया। 39 हजार से अधिक सर्जरी और करीब सात हजार सुरक्षित प्रसव भी कराए गए। संस्थान की ‘उसी दिन जांच’ सुविधा, बेडसाइड दवा वितरण, ग्रीन ओपीडी, टेली-फॉलोअप और क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण जैसी पहलें मरीजों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हुई हैं। समारोह को ऑनलाइन संबोधित करते हुए राज्यपाल एवं कुलाध्यक्षा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि करोड़ों लोगों की स्वास्थ्य संबंधी उम्मीदें अब उनके कंधों पर हैं। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) वेदप्रकाश मिश्रा ने कहा कि चिकित्सक का दायित्व केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और मानवता के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। समारोह में डीएम, एमसीएच, एमडी, एमएस, एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग और एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन के विद्यार्थियों को उपाधियां, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

Check Also

हीट वेव से जंग: नगर निगम के कूलिंग पॉइंट बने राहत की छांव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रहे तापमान के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES