– हर सुविधा पहुंची आमजन की दहलीज तक
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर इसे सुशासन, जनकल्याण और नागरिक सशक्तिकरण का स्वर्णिम काल बताया है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में शासन की सोच और कार्यशैली में व्यापक बदलाव आया है, जिसमें प्रत्येक नीति और योजना के केंद्र में देश का सामान्य नागरिक रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नागरिक देवो भवः’ की भावना को आत्मसात करते हुए सरकार ने ऐसी व्यवस्था विकसित की है, जिसमें नागरिकों को सम्मान, सुविधा और पारदर्शिता के साथ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पहले जहां सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए लोगों को लंबी प्रक्रियाओं और अनावश्यक भागदौड़ का सामना करना पड़ता था, वहीं अब तकनीक आधारित व्यवस्था ने शासन को अधिक सरल और प्रभावी बना दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचा। आयुष्मान भारत, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और कर व्यवस्था में सुधार ने करोड़ों परिवारों को राहत प्रदान की है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने देश में अभूतपूर्व परिवर्तन किया है। प्रतिदिन करोड़ों यूपीआई लेनदेन, 103 करोड़ से अधिक इंटरनेट कनेक्शन और अधिकांश गांवों तक 4जी कनेक्टिविटी पहुंचना डिजिटल क्रांति की सफलता का प्रमाण है। डिजिलॉकर और उमंग जैसे प्लेटफॉर्म ने सरकारी सेवाओं को लोगों की हथेली तक पहुंचा दिया है।
उन्होंने कहा कि परिवहन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, उड़ान योजना और विश्व के तीसरे सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क ने यात्राओं को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनभागीदारी पर आधारित सुशासन के वर्ष हैं। विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, सम्मान और सुविधाएं उपलब्ध हों तथा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।