Breaking News

ग्रेट निकोबार परियोजना के विरोध में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू, राहुल गांधी के समर्थन में उतरी यूपी कांग्रेस

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अंडमान-निकोबार के ग्रेट निकोबार द्वीप में प्रस्तावित मेगा परियोजना के विरोध में राज्यव्यापी जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अभियान का शुभारंभ करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संरक्षण अभियान को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
अजय राय ने कहा कि ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित परियोजना केवल विकास का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश की प्राकृतिक धरोहर, पर्यावरणीय संतुलन और आदिवासी समुदायों के अस्तित्व से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस आंदोलन को “ग्रीन ओवर ग्रीड” यानी हरियाली बनाम लालच का अभियान मानती है और प्रदेश का एक-एक कार्यकर्ता इसमें सक्रिय भागीदारी करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगभग 92 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रही है, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी आईएनएस बाज के विस्तार और नेवल जेटी जैसी योजनाएं वर्षों से लंबित हैं। उनका कहना था कि विकास के नाम पर वर्षा वनों, जैव विविधता और स्थानीय आदिवासी समुदायों के हितों की अनदेखी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी की हालिया ग्रेट निकोबार यात्रा के दौरान स्थानीय समुदायों और निवासियों से हुई बातचीत में यह आशंका सामने आई कि परियोजना से बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई, वर्षा वनों और कोरल रीफ्स को नुकसान तथा आदिवासी समुदायों के विस्थापन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर्यावरण संरक्षण और संतुलित विकास की पक्षधर है।
अजय राय ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी जिलों में ब्लॉक स्तर तक व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं, छात्रों, पर्यावरण प्रेमियों और आम नागरिकों को जोड़कर इस मुद्दे पर जनजागरण किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, डॉ. सी.पी. राय, डॉ. प्रमोद पाण्डेय, प्रो. विनोद चन्द्रा, रूद्र दमन सिंह बबलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Check Also

गांव की चौपाल में गरजे केशव मौर्य, अवैध कब्जों पर सख्ती और गरीब कल्याण योजनाओं को दी धार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES