Breaking News

पंकज चौधरी के नेतृत्व में सरकार और संगठन को मिलेगी नई गति: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अनुभवी कार्यकर्ता पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप सरकार और संगठन नई गति से आगे बढ़ेंगे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही संगठन पर्व अपनी पूर्णाहुति की ओर अग्रसर हो चुका है और अब पार्टी के समक्ष नए दायित्व और नई चुनौतियां हैं। मुख्यमंत्री भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की आधिकारिक घोषणा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत साढ़े तीन वर्षों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने संगठन को मजबूती दी और अनेक कार्यक्रमों को गति प्रदान की। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश ने विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक स्वरूप बदला है और देश नेतृत्वकर्ता की भूमिका में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश का परसेप्शन बदला है। प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर रिवेन्यू सरप्लस स्टेट बना है। कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और दंगा, माफिया व अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। निवेश, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी और करोड़ों को रोजगार से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम और अन्य तीर्थ स्थलों के पुनरुद्धार से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर सम्मान मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव और मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान में पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया।
इससे पूर्व, केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नये प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व राष्ट्रीय कार्य समिति के 120 सदस्यों के चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी व राज्य सभा सदस्य के0 लक्ष्मण, प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय सहित पार्टी के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Check Also

बजट सिर्फ आंकड़ों का नहीं, भारत के भविष्य का विजन: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES